स्वदेशी टाइम्स, वाराणसी: वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद में एक महिला की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, पूनम पटेल (32) अपने पति सुजीत पटेल और देवर अजीत पटेल के साथ रहती थीं। शनिवार को किसी बात को लेकर पूनम और उनके देवर अजीत के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में आकर अजीत ने कुल्हाड़ी से पूनम पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर गईं। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी भाभी की बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन पूनम इस रिश्ते के खिलाफ थीं, जिससे दोनों के बीच तनाव चल रहा था। माना जा रहा है कि इसी विवाद के चलते यह घटना हुई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।