उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने रखा मौन उपवास, 15 दिन रहेंगे राजनीति और मीडिया से दूर
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नवरात्र के दौरान शुक्रवार को देहरादून स्थित डिफेंस कॉलोनी में अपने आवास पर बिजली और पानी की लगातार बढ़ती जा रही दरों के खिलाफ सांकेतिक मौन उपवास रखा। हरीश रावत ने कहा कि नवरात्र के अवसर पर उनका यह सांकेतिक मौन व्रत, उन लाखों लोगों को समर्पित है, जो बिजली और पानी की लगातार बढ़ती जा रही दरों से परेशान हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि फिलहाल बिजली और पानी की दरें इस सीजन में बढ़ी नहीं हैं, उसके बावजूद आम उपभोक्ता पहले से ही इस समस्या से जूझ रही है। कांग्रेस नेता कहा कि महंगाई के आगोश में प्रत्येक परिवार आज बुरी तरह से त्रस्त है, उन्होंने मां जगदंबा से प्रार्थना करते हुए कहा कि जगदंबा माता ऐसा रास्ता निकाले, जिससे आम जनमानस का महंगाई से बोझ कुछ कम हो सके। उन्होंने कहा कि यह मात्र संयोग है कि आगामी 15 दिन तक वह कोई राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं लेंगे।
इस संदर्भ में उनकी प्रेस वार्ता भी सम्मिलित है। उन्होंने आने वाले 15 दिनों तक सभी राजनीतिक कार्यक्रमों से विरक्त रहने का ऐलान किया है, उन्होंने कहा कि इस तरह का कदम उन्होंने यह सोचकर उठाया कि भूतकाल की तरफ देखकर भविष्य के लिए अपनी सोच को विकसित कर सकूं।
