दो मंजिला मकान में लगी आग, मां- बेटे की मौत; लपटे देख सहम उठे लोग, छत से कूदा पति घायल

स्वदेशी टाइम्स, बलिया : बलिया जिले में दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटों को देख लोग सहम उठे। इस दौरान मां-बेटे की झुलसने से मौत हो गई। जबकि आग से बचने के लिए छत से कूदा पति घायल हो गया। ग्राउंड फ्लोर पर दुकान व प्रथम तल पर परिवार रहता था।

बलिया जिले के गड़वार थाना के चिलकहर चट्टी के डुमरी मार्ग स्थित दो मंजिला मकान में आग लगने से मां रिंकी चौरसिया (25)  व पांच वर्षीय पुत्र धीरज कुमार की झुलसने मौत हो गई। पति नीरज ने छत से कूद कर जान बचाई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। आग की लपटों को देखकर लोग पास जाने से भी डरते रहे। आग भोर में लगी, लेकिन अभी तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है।

क्या है पूरा मामला
चिलकहर चट्टी के डुमरी मार्ग पर नीरज चौरसिया की किराना की होलसेल की दुकान है। वह प्रथम तल पर पत्नी रिंकी व बेटा धीरज के साथ रहते थे। रविवार की रात 2 बजे के बाद अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। आग फैलते देख नीरज ने प्रथम तल पर पहुंचकर पत्नी व बेटे को जगाकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन मकान की सीढ़ी का दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण सभी लोग फंस गए। 
नीरज ने छत से कूदकर बचाई जान
नीरज ने छत से कूदकर जान बचाई, इसमें उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। नीरज की चीख- पुकार सुनकर और धुंआ निकलता देख आसपास के लोग बचाने पहुंचे तब तक रिंकी चौरसिया व बेटा धीरज गंभीर रूप से झुलस गए। इलाज के लिए लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने पत्नी रिंकू व बेटा धीरज को मृत घोषित कर दिया। नीरज को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उधर, नीरज के पिता झूलन चौरसिया जो घर में थे, लेकिन उनका पता नहीं चल रहा है।
दो दिन पहले था बच्चे का मुंडन संस्कार
स्थानीय लोगों ने बताया कि धीरज का दो दिन पूर्व मुंडन संस्कार था। इस मार्मिक घटना के बाद हर कोई मर्माहत है। आग लगने की सूचना पर सुबह 3:30 के बाद पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवान आग बुझाने में लगे हुए हैं। खबर लिखे जाने तक पूरी तरीके से आग नहीं बुझाई जा सकी थी। दुकान के जले हुए सामानों में धुआं निकल रहा था। वहीं पुलिस किसी को मौके पर जाने नहीं दे रही है। 
दीवार तोड़कर आग पर काबू पाने की तैयारी
चिलकहर पुलिस अधीक्षक के अनुसार हो सकता है कि उसके ससुर ताला बंद करके कहीं चले गए हों। अभी इसकी जांच की जा रही है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आग को पूरी तरीके से बुझाने के लिए मकान के पिछले हिस्से की दीवार को तोड़कर अंदर घुसने की तैयारी की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *