कैफे में दुष्कर्म की घटना, साउंड वॉल्यूम तेज करवाकर महिला से पहले की अश्लील हरकतें, फिर केबिन में दिया वारदात को अंजाम
स्वदेशी टाइम्स, जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक कैफे को लेकर सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। मुख्य आरोपी जुनैद पर आरोप है कि उसने महिला को कैफे में बुलाकर केबिन में ले जाकर दुष्कर्म किया। इस मामले में कैफे के संचालक और एक कर्मचारी भी आरोपी बनाए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता महिला की एक युवती के माध्यम से आरोपी जुनैद से पहचान हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला को कैफे में मिलने के लिए बुलाया। वहां पहुंचने पर जुनैद ने महिला को केबिन में ले जाकर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी। आरोप है कि विरोध के बावजूद आरोपी ने कैफे के कर्मचारी से साउंड सिस्टम का वॉल्यूम तेज करवाया ताकि महिला की आवाज बाहर न जा सके और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया।
अधारताल पुलिस ने महिला की शिकायत पर तुरंत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस तरह के मामलों में कैफे जैसे सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की कमी चिंता का विषय बनी हुई है। महिला की सुरक्षा के लिए समाज और प्रशासन दोनों को सतर्क रहने की जरूरत है।
