जेल में कैदी की संदिग्ध मौत: परिवार ने लगाए गंभीर आरोप, प्रशासन चुप्पी साधे

स्वदेशी टाइम्स, बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से एक बेहद दुखद और संदिग्ध खबर आ रही है। जिला जेल में बंद सजायाफ्ता कैदी प्रकाश सातपुते की रिहाई से महज कुछ घंटे पहले मौत हो गई। आज ही उसे 7 साल की सजा पूरी होने के बाद रिहा किया जाना था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जिला कारागार में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सजायाफ्ता कैदी प्रकाश उर्फ प्रकाशराव सातपुते को अचानक तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जाया गया और कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रभात पट्टन थाना क्षेत्र के रहने वाले प्रकाश सातपुते को वर्ष 2018 में एक आपराधिक मामले में 7 वर्ष की सजा सुनाई गई थी। आज 29 नवंबर 2025 को उनकी सजा पूरी हो रही थी और शाम तक रिहाई के कागजात तैयार हो चुके थे। परिजनों को भी सूचना भेज दी गई थी कि वे आकर उसे ले जाएं।लेकिन सुबह करीब 9 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। जेल प्रशासन ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के लिए शव को सुरक्षित रखा है।जेल प्रबंधन ने इस पूरे मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

परिजनों का आरोप है कि कैदी की तबीयत कई दिनों से खराब थी, लेकिन उचित इलाज नहीं दिया गया। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का पता चल सकेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *